
भिलाई::अंकिता राज :- भिलाई नगर रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर गोठान के पास धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले 23 वर्षीय युवक को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार लोहे का चापड़ बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर को सुपेला थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर गोठान के पास एक युवक धारदार लोहे का चापड़ लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस को देखकर आरोपी ने अपने पास रखा चापड़ झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस टीम ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया और झाड़ियों में फेंका गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान नवीन निषाद उर्फ बबलू (23 वर्ष) निवासी मराठी मोहल्ला, कोसानगर, सुपेला के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1281/2026 दर्ज करते हुए धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
एक चापड़ बरामद
सुपेला पुलिस ने आरोपी के पास से धारदार लोहे का एक चापड़ जब्त किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर लोगों में भय पैदा करने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, सउनि पुरन साहु, आरक्षक गंभीर जाट, मिथलेश साहु एवं निर्मलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थान पर किसी व्यक्ति के हथियार लेकर घूमने या लोगों में भय पैदा करने की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।