सेमरिया की सड़क समस्या पर कलेक्टर की नजर, ₹12.05 लाख के दो निर्माण कार्य मंजूर

दुर्ग::राहुल बारले:-दुर्ग जिले के जनपद पंचायत धमधा अंतर्गत ग्राम सेमरिया में सड़क और आवागमन की समस्या को लेकर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर गांव में दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के लिए कुल 12 लाख 5 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्वीकृत कार्यों में 8 लाख 48 हजार रुपए की लागत से पुल-पुलिया निर्माण और 3 लाख 57 हजार रुपए की लागत से मिट्टी-मुरूम सड़क निर्माण शामिल है। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बारिश के दौरान होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रशासनिक स्वीकृति के बाद तकनीकी सहायक, सरपंच, रोजगार सहायक और पंचायत सचिव की मौजूदगी में स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वहीं, बागडूमर से सेमरिया तक 4.06 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण के लिए 128.83 लाख रुपए का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।

निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने कलेक्टर और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पुल-पुलिया और सड़क निर्माण से गांव की लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *