
दुर्ग । दुर्ग के सुपेला थाना पुलिस ने शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगने, विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक अपचारी बालक (नाबालिग) सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 14 जुलाई की शाम करीब 6 बजे मौर्या टॉकीज के पास बंधन बैंक के सामने हुई, जहां मेडिकल सामग्री की डिलीवरी कर रहे वाहन चालक और उसके हेल्पर से आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और नाबालिग आरोपी ने हेल्पर दीपक मंडावी पर धारदार हथियार से हमला कर उसके बाएं हाथ की कोहनी के पास गंभीर चोट पहुंचा दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को मौके से अभिरक्षा में लिया और घेराबंदी कर दो अन्य आरोपियों महेश सागर (20) और हरप्रीत सिंह उर्फ वंश (19) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी राह चलते लोगों से शराब के लिए जबरन पैसे मांगते थे और विरोध करने पर धमकी व हमला कर दहशत फैलाते थे। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जबरन वसूली, मारपीट या किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या डायल-112 पर दें।