
दुर्ग, 22 जून 2026। नंदिनी नगर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BU 0209, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम पिटौरा निवासी प्रार्थी ने 21 जून को थाना नंदिनी नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 जून को वह सामान खरीदने के लिए अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BU 0209 से टाउनशिप नंदिनी नगर स्थित विश्वकर्मा इंजीनियरिंग शॉप गया था। दुकान के सामने खड़ी मोटरसाइकिल को कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 199/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान 22 जून को पुलिस द्वारा नाकाबंदी और सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदेही व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक भारती (36 वर्ष), निवासी ग्राम नगवा, थाना कासिमाबाद, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अवैध लाभ कमाने की नीयत से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
इस कार्रवाई में थाना नंदिनी नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर खड़ा करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।