चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, होली से पहले घर में पसरा मातम


जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के नवे गांव निवासी अंकुश लीला राम सुनवाने के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार चार युवक काम के सिलसिले में ओडिशा के संभलपुर गए थे। काम खत्म होने के बाद एक युवक कार से और तीन युवक ट्रेन से घर लौट रहे थे। संभलपुर से झारसुगुड़ा होते हुए वे रायगढ़ पहुंचे, जहां एक युवक उतर गया। बाकी दो युवक दुर्ग से ट्रेन बदलकर आमगांव जाने वाले थे।
बताया जा रहा है कि अंकुश देर रात तक काम करने के कारण काफी थका हुआ था और ट्रेन के गेट पर बैठा हुआ था। अकलतरा से आगे कापन के पास संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
रविवार को अकलतरा रेलवे स्टेशन पर युवक के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। उसके पास मिले आधार कार्ड से पहचान हुई। जीआरपी ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हालत गंभीर होने के बावजूद युवक को बड़े अस्पताल रेफर नहीं किया गया। फिलहाल जीआरपी अकलतरा मामले की जांच कर रही है और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। होली से पहले युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *