

दुर्ग। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने सशक्त ऐप की मदद से वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी के दोपहिया वाहन बरामद कर जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 19 जनवरी 2026 को योगेश कुमार सेन ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सुबह करीब 10 बजे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-DF-2429 से गांधी चौक दुर्ग गया था। करीब आधे घंटे बाद लौटने पर उसकी मोटरसाइकिल खड़े किए गए स्थान से चोरी हो चुकी थी। इस रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम द्वारा सशक्त ऐप के माध्यम से संदिग्ध वाहनों की लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि बस स्टैंड दुर्ग क्षेत्र में दो युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया और थाना लाकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 19 जनवरी को गांधी चौक क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। साथ ही उन्होंने करीब चार माह पहले रायपुर के फाफाडीह चौक क्षेत्र से स्कूटी क्रमांक CG-04-QG-7553 चोरी करना भी कबूल किया। आरोपियों की निशानदेही पर दोनों चोरी के दोपहिया वाहन बरामद कर विधिवत जब्त किए गए।
पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राकेश निर्मलकर सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी:
1 शुभम देवांगन, 25 वर्ष, शंकर नगर, दुर्ग
2 यश उर्फ आजाद सेन, 23 वर्ष, आमापारा, दुर्ग
गिरफ्तारी की तारीख: 21 जनवरी 2026