राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत जिलेभर में जनजागरूकता अभियान 🚦



दुर्ग । राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अवसर पर यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
इस क्रम में जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, बैंक परिसरों, स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से संबंधित बैनर, पोस्टर एवं जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जा रही है। इन माध्यमों से नागरिकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से विशेष रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव न करने, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन न चलाने, मालवाहक वाहनों में यात्रा न करने, दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले यात्रियों द्वारा हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
साथ ही सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रेरणादायक कविताओं, प्रभावी स्लोगनों एवं संदेशात्मक पोस्टरों के माध्यम से नागरिकों को सरल, रचनात्मक एवं प्रभावी तरीके से यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, जिससे समाज में सुरक्षित यातायात के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन प्रतिवर्ष 1 जनवरी से 31 जनवरी तक किया जाता है। सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण से यह तथ्य सामने आया है कि लगभग 78.7 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं चालकों की त्रुटियों के कारण होती हैं। इन त्रुटियों में प्रमुख रूप से शराब अथवा मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाना, मोबाइल फोन का उपयोग करना, क्षमता से अधिक सवारी बैठाना, निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाना तथा थकान की अवस्था में वाहन चलाना शामिल है।
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा संचालित यह जनजागरूकता अभियान नागरिकों को इन कारणों से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति सतर्क करने के साथ-साथ सुरक्षित, अनुशासित एवं जिम्मेदार यातायात संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *