
दुर्ग। भिलाई के सेक्टर-7 स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में सोमवार को चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक ही क्लास के दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद एक छात्र ने अपने साथी पर चाकू से पीठ और कंधे पर हमला कर दिया।
घटना में घायल छात्र को उसके पिता ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। इस वारदात के बाद घायल छात्र के परिजनों ने भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे कॉलोनी निवासी रमेश महतो, जो पेशे से ऑटो चालक हैं, का बेटा रवि महतो इस स्कूल में पढ़ता है। उसी की क्लास में पढ़ने वाले विकास बाघ नामक छात्र ने रवि पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पिता रमेश तुरंत मौके पर पहुंचे और बेटे को शासकीय अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया।
फिलहाल घायल छात्र की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।