
भिलाई/रीवा। दुर्ग पासिंग तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मध्यप्रदेश के रीवा जिले में 2 बच्चियों समेत 4 लोगों को कुचल दिया। हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में 3 लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक व्यक्ति सड़क से 20 से 30 फीट दूर जाकर गिरा।
मामला गढ़ थाना क्षेत्र का है। मृतकों की पहचान रामनरेश साकेत, रुचि साकेत, रचना साकेत और कमलेश सिंह के रूप में हुई है। इनमें रामनरेश, रुचि और रचना एक ही परिवार के सदस्य थे। रुचि, रामनरेश की बेटी थी, जबकि रचना उनके भाई की बेटी थी।
वहीं हादसे में सुलेखा साकेत और सौम्या साकेत घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
स्थानीय पुलिस ने बताया कि आरोपी वाहन चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कर सोमवार को परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना की जांच जारी है।