
क्राइम रिपोर्टर। भिलाई
रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी साइबर ठगी का शिकार हो गया। आरोपी ने केवाईसी अपडेट कराने का झांसा दिया। इसके बाद एपीके फाइल भेजकर उसका मोबाइल हैक कर दिया। इसके बाद खाते से 8.88 लाख रुपए से ज्यादा की रकम निकाल ली। शिकायत पर पुलिस ने धारा 318(4), आईटी एक्ट 66डी के तहत केस दर्ज कर विवेचना में लिया है।
मामले में पदुमनगर निवासी जेवी राजू (60 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि वह रेलवे का रिटायर्ड कर्मचारी है। 8 अक्टूबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे उसके नंबर एक अनजान नंबर से नॉर्मल कॉल आया। कॉल पिक करने आरोपी ने खुद को डीआरएफ ऑफिस से बताया और उसकी पेंशन की केवाईसी अपडेट कराने के लिए वाट्सएप कॉल पर आने के लिए कहा। इसके बाद उसके सारे दस्तावेज चेक करने के लिए कहा। इस दौरान आरोपी ने एक आईआरसीटीसी सेल्फ एप के नाम की एपीके फाइल भेजी, जिसे क्लिक करने पर उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उसके तीन बैंक अकाउंट से कुल 8 लाख 88 हजार 420रुपए निकाल लिए। बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलाने पर साइबर ठगी होने की जानकारी मिली।