
दुर्ग । थाना सुपेला पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी में प्रयुक्त म्यूल अकाउंट का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर जांच की गई। जांच में पाया गया कि बैंक ऑफ इंडिया शाखा सुपेला में नरेश कुपाल पिता कृष्णा कुपाल निवासी ढांचा भवन जामुल ने अपने नाम से व्यक्तिगत पहचान दस्तावेज जैसे आधार कार्ड और पैन कार्ड प्रस्तुत कर खाता खुलवाया था। आरोपी यह जानते हुए भी कि उक्त खाता का उपयोग ऑनलाइन ठगी की रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जाएगा, उसने बेईमानी से इस खाते को अपराधियों को उपलब्ध कराया। खाते में 1,19,098 रुपये ऑनलाइन ठगी की रकम जमा हुई, जिससे आरोपी ने अवैध धन अर्जित किया।
इस आधार पर थाना सुपेला पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 991/25, धारा 317(2), 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों के बारे में पता लगाया गया और घेराबंदी कर दो आरोपियों तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी सुपेला विजय यादव, उपनिरीक्षक चितराम ठाकुर, प्रधान आरक्षक सुबोध पांडेय, आरक्षक सूर्य प्रताप सिंह, दुर्गेश सिंह राजपूत एवं मिथलेश साहू की विशेष भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी –
- सचिन यादव, उम्र 18 वर्ष, निवासी पंचमुखी हनुमान मंदिर, कुरूद थाना जामुल, जिला दुर्ग
- राहुल निषाद, उम्र 19 वर्ष, निवासी गोपाल नगर, कुरूद थाना जामुल, जिला दुर्ग