
दुर्ग । दिनांक 10-11 अगस्त 2025 की दरम्यानी रात ग्राम मेढेसरा थाना नंदनी के मां दुर्गा ज्वेलर्स में अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बड़ी मात्रा में चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नंदनी में अपराध क्रमांक 196/2025, धारा 331(3), 305 ए बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। इसी प्रकार 16-17 अगस्त 2025 की दरम्यानी रात ग्राम कोड़िया थाना नंदनी के भावना ज्वेलर्स से भी शटर तोड़कर चांदी के जेवरात चोरी किए गए। इस मामले में भी थाना नंदनी में अपराध क्रमांक 204/2025, धारा 331(4), 305 ए बीएनएस दर्ज किया गया।
इन दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना नंदनी की संयुक्त टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया। टीम ने घटनास्थलों का मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया, सायबर टीम की मदद ली और मुखबिरों की सक्रियता बढ़ाई। पतासाजी के दौरान जानकारी मिली कि थाना छावनी का निगरानी बदमाश बादल सोनी ग्राम बोड़ेगांव में किराये का मकान लेकर रह रहा है। उसे घेराबंदी कर पकड़ा गया और पूछताछ करने पर उसने अपने साथी सूरज कोसरे, नितिन झाड़े और धनेश्वर साहू के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने पहले दुकानों की रेकी की थी, उसके बाद सीसीटीवी कैमरे डिस्कनेक्ट कर शटर को सब्बल से उखाड़कर चोरी की।
सभी आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं और इनके खिलाफ चालान पेश किए जा चुके हैं। इस प्रकरण में पूर्व दो सिद्धियों की धारा भी जोड़ी गई है। कार्यवाही के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का उपयोग किया गया, जिससे आरोपियों की संलिप्तता पुख्ता हुई। आरोपियों के कब्जे से करीब तीन किलो चांदी के जेवरात जिसकी अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये है, दो मोटरसाइकिल और नकबजनी में प्रयुक्त सब्बल बरामद किया गया। मामले की अग्रिम विवेचना थाना नंदनी से की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी –
- बादल सोनी, 32 वर्ष, पता – केम्प 1 थाना छावनी
- सूरज कोसरे, 22 वर्ष, पता – तिलईरवार (टप्पा) जिला राजनांदगांव
- नितिन झाड़े, 22 वर्ष, पता – तेलीटोला (टप्पा) जिला राजनांदगांव
- धनेश्वर साहू, 28 वर्ष, पता – तिलईरवार (टप्पा) जिला राजनांदगांव