
बिलासपुर। नवविवाहिता महिला की लाश फंदे पर लटकती मिली है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जोंधरा का है। 8 जुलाई की रात 22 वर्षीय गायत्री यादव का अपने ससुरालवालों से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। अगली सुबह उसका शव साड़ी के फंदे पर लटका मिला।
जानकारी के अनुसार, गायत्री की शादी को अभी केवल एक साल ही हुआ था और आए दिन उसका ससुराल वालों से विवाद होता रहता था। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि मौत के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
गायत्री की शादी ग्राम जोंधरा के रामायण चौक निवासी रामलाल यादव से हुई थी। घटना वाली रात झगड़े के बाद वह नाराज होकर अपने कमरे में चली गई। परिजनों का कहना है कि उस समय किसी ने उसे मनाने की कोशिश नहीं की और बाकी सदस्य बरामदे में जाकर सो गए।
अगली सुबह जब गायत्री नहीं उठी, तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। खिड़की से झांकने पर देखा गया कि गायत्री का शव फंदे पर झूल रहा था, जिसे देखकर घरवालों के होश उड़ गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।