
बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर जिले में संचालित कृषि आदान विक्रय केंद्रों की लगातार जांच जारी है। उप संचालक कृषि दीपक कुमार नायक के नेतृत्व में निरीक्षकों की टीम द्वारा विकासखंड स्तर पर निरीक्षण कर अनियमितताओं पर कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में बुधवार को जांच के दौरान 5 कृषि केंद्रों में अनियमितता पाई गई, जिस पर सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। पलारी विकासखंड के ग्राम भवानीपुर स्थित पटेल कृषि सेवा केंद्र में निर्धारित प्रपत्र स्कंध पंजी संधारित नहीं पाया गया। वटगन के चंद्राकर कृषि केंद्र और अमेरा के शिवराम कृषि केंद्र में भी अनियमितताएं मिलीं।
बलौदाबाजार विकासखंड के अंगार मोती कृषि केंद्र, सोनपुरी और ग्राम लटूआ के दीपक कृषि केंद्र में बीज, उर्वरक व कीटनाशक की स्कंध व मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं थी। साथ ही स्कंध पंजी का संधारण नहीं किया गया था और कालातीत कीटनाशक का सही रखरखाव भी नहीं था।
कृषि विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विक्रय केंद्रों में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।