
उत्तराखंड । उत्तराखंड के कोटद्वार से एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसने राजा रघुवंशी और सौरभ राजपूत हत्याकांड जैसी वारदातों की यादें ताज़ा कर दी हैं। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी और लाश को खाई में फेंक दिया।
कुछ दिन पहले कोटद्वार के जंगल में एक अज्ञात शव मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई थी। शव की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी रविंद्र कुमार (उम्र 56 वर्ष) के रूप में हुई। जांच गहराते ही एक चौंकाने वाली साजिश का पर्दाफाश हुआ।
पत्नी और प्रेमी की खौफनाक साजिश
कोटद्वार पुलिस के अनुसार, रविंद्र की पत्नी रीना सिंधु (36 वर्ष) ने अपने प्रेमी परितोष कुमार के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। हत्या के पीछे की वजह थी – करोड़ों की संपत्ति और दोनों के बीच पनपा अवैध संबंध।
रीना ने कबूल किया कि रविंद्र मुरादाबाद के रामगंगा विहार इलाके में एक तीन मंजिला मकान के मालिक थे, जिसकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है। रविंद्र उस मकान को बेचना चाहते थे, जिससे रीना नाखुश थी। इसी दौरान रीना की मुलाकात फिजियोथेरेपी के बहाने घर आने वाले परितोष से हुई, जो खुद को मरीज बताता था। यह मुलाकात जल्द ही अवैध संबंधों में बदल गई।
पति को रास्ते से हटाने की रची साजिश
रीना और परितोष ने मिलकर रविंद्र को रास्ते से हटाने की साजिश रची। हत्या के बाद दोनों ने शव को कोटद्वार के जंगल में खाई में फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन शव मिलने के बाद पुलिस की जांच में पूरा मामला उजागर हो गया।
शादी, संपत्ति और दो मासूम बच्चे
रविंद्र और रीना की शादी साल 2011 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। रविंद्र ने दिल्ली की पुश्तैनी जमीन बेचकर मुरादाबाद में आलीशान मकान खरीदा था, जिससे उन्हें लाखों रुपये किराये के रूप में भी मिलते थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दंपती लंबे समय से डोईवाला क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। पड़ोसियों ने बताया कि एक युवक अक्सर रीना के घर आता था, जो खुद को उसका रिश्तेदार बताता था।
आरोपी सलाखों के पीछे, परिवार में मातम
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस निर्मम हत्याकांड से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।