मोबाइल लूट की वारदात का खुलासा: चार आरोपी गिरफ्तार, छह मोबाइल और बाइक बरामद

भिलाई। भिलाई नगर, नेवई, छावनी, जामुल और भिलाई-03 थाना क्षेत्र में मोटर साइकिल सवार युवकों द्वारा राह चलते लोगों से मोबाइल लूटने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इसी कड़ी में विवेक कुमार मारकंडे, निवासी ग्राम बगली थाना बेमेतरा ने थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 07 जून 2025 को शाम करीब 6.30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे लाइन के पास सामान खरीदने जाते समय लाल रंग की साईन मोटरसाइकिल में सवार तीन युवक आए और रास्ता रोककर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 233/2025, धारा 309(4), 296, 351(2), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज की ओर घूम-घूमकर लूटे गए मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस टीम द्वारा चार संदिग्ध युवकों को एक लाल रंग की मोटरसाइकिल में घूमते हुए पकड़ा गया।

पूछताछ में युवकों ने अपने नाम टिकेश्वर साहु (उम्र 20 वर्ष, लेबर कैंप जामुल) और अनिल दुर्गा (चंदन पारा, जामुल) बताए। उनके साथ दो अपचारी बालक भी थे। पूछताछ में सभी ने मिलकर राह चलते लोगों को डरा-धमकाकर मोबाइल लूटने की बात कबूली। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 6 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 80,000 रुपये है, और एक होंडा साईन मोटरसाइकिल जब्त की गई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम:
थाना पुरानी भिलाई से निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, उप निरीक्षक सुभाष लाल, आरक्षक संजय मनहर, ईश्वर भारद्वाज, एसीसीयू से सउनि गुप्तेश्वर यादव, प्रआर शगीर खान, आरक्षक राकेश चौधरी, गुनित निर्मलकर, राकेश अन्ना और अमित सिंह शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *