भालू के हमले से युवक गंभीर रूप से घायल, पेड़ पर चढ़कर बचाई जान

खैरागढ़। बनबोड गांव में शुक्रवार को तेंदूपत्ता तोड़ने गए एक युवक पर मादा भालू ने अचानक हमला कर दिया। युवक ने किसी तरह भागकर पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई, लेकिन हमले में उसका एक पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान 23 वर्षीय जितेंद्र चक्रधारी के रूप में हुई है, जो बनबोड का ही निवासी है।

जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब जितेंद्र सुबह तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गया था और लौटते समय उसकी मुठभेड़ एक मादा भालू और उसके दो शावकों से हो गई। भालू को देखकर वह घबरा गया और भागने लगा, लेकिन तब तक भालू ने उसे पकड़ लिया और उसके पैर पर हमला कर दिया। किसी तरह जितेंद्र जान बचाकर पास के एक पेड़ पर चढ़ गया और मदद का इंतजार करने लगा।

घायल युवक को पहले मुढ़ीपार स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे खैरागढ़ सिविल अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक की स्थिति अब सामान्य है और उसका उपचार जारी है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है। खैरागढ़ वन मंडल अधिकारी (DFO) पंकज राजपूत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान यह हमला हुआ है। वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *