
भिलाई – दिनांक 10.05.2025 को प्रातः थाना छावनी अंतर्गत शारदापारा, के.एल.सी. खुर्सीपार और जोन-3 खुर्सीपार में पुलिस द्वारा किराए से निवास कर रहे व्यक्तियों एवं बिना सूचना के रह रहे अवैध अप्रवासियों की व्यापक जांच की गई।
शारदापारा छावनी में नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर के नेतृत्व में लगभग 200 व्यक्तियों के आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। इनमें से अधिकांश व्यक्ति पश्चिम बंगाल, किशनगंज (बिहार), झारखंड से आकर किराए पर रह रहे पाए गए। जांच के उपरांत 70 व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लिए गए।
के.एल.सी. खुर्सीपार में नगर पुलिस अधीक्षक छावनी के नेतृत्व में और जोन-3 खुर्सीपार में उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कुल 389 नागरिकों की जांच की गई, जिनमें से 74 व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लिए गए।

इस अभियान का उद्देश्य बाहरी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों एवं अवैध अप्रवासियों की पहचान करना था, जो अपनी पहचान छिपाकर किराए पर रह रहे हैं और औद्योगिक इकाइयों एवं भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिक के रूप में कार्यरत हैं। इनसे आधार कार्ड, राशन कार्ड, परिचय पत्र आदि की जांच कर क्रॉस वेरिफिकेशन किया गया। कुल मिलाकर 589 व्यक्तियों की जांच में 144 व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लिए गए।
पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अनुरोध करती है कि वे अपने किरायेदारों का विवरण किरायेदार फॉर्म के माध्यम से नजदीकी थाना या चौकी में अनिवार्य रूप से जमा करें। दस्तावेजों के साथ पूर्ण जानकारी न देने या किरायेदार के किसी अपराध में लिप्त पाए जाने पर मकान मालिक के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
