
दुर्ग । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशानुसार आज प्रातः थाना मोहन नगर क्षेत्र के बाम्बे आवास उरला, थाना सुपेला क्षेत्र के करबला मैदान एवं थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र के हथखोज, पुरैना, बाम्बे आवास (बजरंग पारा) में रह रहे नागरिकों की जांच की गई।

भिलाई-3 क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, शहर के नेतृत्व में हथखोज, पुरैना, बाम्बे आवास (बजरंग पारा) में लगभग 250 व्यक्तियों की जांच की गई। 5 संदिग्ध पाए जाने पर उनके विरुद्ध धारा 128 बीएनएसएस के तहत कार्यवाही करते हुए फिंगरप्रिंट लिए गए और 1 दुपहिया वाहन जप्त किया गया।

सुपेला क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, आईयूसीएडब्ल्यू के नेतृत्व में करबला मैदान में रह रहे लगभग 300 नागरिकों की जांच की गई। 6 संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 128 बीएनएसएस के तहत कार्यवाही कर फिंगरप्रिंट लिए गए।
मोहन नगर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण के नेतृत्व में बाम्बे आवास में रह रहे लगभग 600 व्यक्तियों की जांच की गई। 3 संदिग्ध व्यक्तियों पर धारा 128 बीएनएसएस के तहत कार्यवाही की गई। इस दौरान 5 फरार वारंटियों और छिनैती के सामान के साथ 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

मुसाफिरी जांच के दौरान रहवासियों के आधार कार्ड, राशन कार्ड, परिचय पत्र आदि की जांच कर कास वेरिफिकेशन किया गया। संतोषजनक उत्तर न देने और सूचना न देने पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि उनके यहां रह रहे किराएदारों का पूर्ण विवरण एवं दस्तावेज नजदीकी थाना/चौकी में अनिवार्य रूप से जमा करें। किराएदार की सूचना नहीं देने पर, आवश्यक दस्तावेज न होने की स्थिति में, मकान मालिकों पर भी विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी।
इस कार्यवाही में 6 राजपत्रित अधिकारी, 8 थाना प्रभारी सहित लगभग 200 पुलिस बल ने टीम बनाकर कार्यवाही को अंजाम दिया।