सायबर फ्रॉड में बड़ा खुलासा: दुर्ग पुलिस ने पकड़ी म्युल अकाउंट होल्डर, 5 करोड़ की रकम दिल्ली ट्रांसफर, 85 करोड़ का कुल लेन-देन



भिलाई। थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर अपराध के एक संगठित प्रकरण में म्युल खाता धारकों की भूमिका उजागर हुई है, जिसमें एक महिला आरोपी के खाते में लगभग 5 करोड़ रुपये जमा हुए थे और उसे दिल्ली के एक कॉर्पोरेट खाते में ट्रांसफर किया गया।

केनरा बैंक, वैशाली नगर के ब्रांच मैनेजर परमाल सिंह सिंगोदिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बैंक की शाखा में 111 खातों में संदिग्ध ट्रांजेक्शन पाए गए हैं। इनमें कई खातों में साइबर फ्रॉड और अन्य वित्तीय धोखाधड़ी की रकम जमा हुई है, जिस पर फिलहाल करीब 22 लाख रुपये की होल्ड राशि है।

प्रकरण में धारा 317(2), 317(4), 318(4), 61(2)(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के निर्देशन में उप निरीक्षक अमित अंदानी के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच की गई।

इस दौरान आरोपी महिला उमा शर्मा की पहचान हुई, जिसने “एवनी ब्रेसिंग ब्यूटी पार्लर” के नाम से केनरा बैंक में 3 जनवरी 2025 को करंट अकाउंट खुलवाया था। उसके खाते में फरवरी 2025 में करीब 5 करोड़ रुपये आए, जिन्हें दिल्ली ट्रांसफर किया गया। पूछताछ में उसने माना कि वह साइबर फ्रॉड से आए धन को अपने खाते में ट्रांसफर कर रही थी।

पुलिस ने आरोपी से दो क्यूआर कोड, एक एंड्रॉयड मोबाइल, दो सिम कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी और एक चेकबुक जब्त की है। उमा शर्मा को 22 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस अब शेष 110 म्युल खाता धारकों की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में थाना वैशाली नगर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *