शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस को मिली बड़ी सफलता, घटना के बाद से फरार आरोपी को किया गिरफ्तार

दुर्ग । प्रार्थिया ने 21 फरवरी 2025 को वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका परिचय कुलजीत उर्फ सन्नी से वर्ष 2021 में इंस्टाग्राम पर हुआ था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। मई 2022 में कुलजीत ने उसे अपने घर, कैंप-1 गौसिया मस्जिद के पास बुलाया और शादी का झांसा देकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद जब भी उसके घर में कोई नहीं होता था, वह प्रार्थिया को धमकाकर बुलाता और शारीरिक संबंध बनाता था।

इसके अलावा, आरोपी ने प्रार्थिया से कहा कि उसके भतीजे का जन्मदिन है, इसलिए वह उसके चाचा से 10% ब्याज पर 40,000 रुपये उधार दिलवाए। प्रार्थिया ने अपने चाचा से पैसे लेकर आरोपी को दे दिए। जब उसने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे बदनाम करने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

इस मामले में वैशाली नगर थाने में अपराध क्रमांक 37/2024 के तहत धारा 64(1), 69, 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। जैसे ही आरोपी के अपने घर में मौजूद होने की सूचना मिली, पुलिस टीम ने वहां दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

कुलजीत उर्फ सन्नी, उम्र 28 वर्ष, निवासी कैंप-1 गौसिया मस्जिद के पास, भिलाई को 1 मार्च 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में वैशाली नगर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *