शिवपुरी: सीएम राइज स्कूल की छात्रा ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से लगाई छलांग, हालत गंभीर

शिवपुरी । शिवपुरी में सीएम राइज स्कूल की 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने सोमवार दोपहर हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के तुरंत बाद छात्रा को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। छात्रा के इस आत्महत्या प्रयास के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

पिता की मृत्यु के बाद से थी अपसेट

छात्रा की पहचान राखी आदिवासी के रूप में हुई है, जो श्योपुर जिले के कराहल की रहने वाली है। उसके छोटे भाई सुरेंद्र के अनुसार, पिता की मृत्यु रक्षाबंधन के समय हो गई थी, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान थी।

सुबह स्कूल गई, लौटकर सीधे छलांग लगा दी

राखी सुबह नाश्ता करने के बाद स्कूल गई थी। दोपहर में लौटने के बाद वह बिना रुके दूसरी मंजिल तक भागी और अचानक छलांग लगा दी। हॉस्टल की अन्य छात्राओं के अनुसार, वह पिछले एक महीने से परेशान नजर आ रही थी और घर जाने की इच्छा जता रही थी।

छलांग से पहले कहा था- तबीयत खराब है

छोटे भाई सुरेंद्र ने बताया कि घटना से पहले राखी ने सुबह उससे फोन पर बात की थी और तबीयत खराब होने की बात कही थी। जब सुरेंद्र ने टीचर को बताने को कहा तो उसने फोन काट दिया। कुछ दिन पहले उसने हॉस्टल से घर ले जाने की बात कही थी, लेकिन बाद में खुद ही मना कर दिया था।

वार्डन और परिजन कर रहे हालात का आकलन

सीएम राइज हॉस्टल की वार्डन चंद्रप्रभा चौधरी ने बताया कि अभी छात्रा ने इस घटना को लेकर कुछ भी नहीं बताया है। उसकी हालत गंभीर है, और डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी है। मामले की पूरी जानकारी छात्रा के स्वस्थ होने के बाद ही मिल सकेगी। घटना की जानकारी मिलते ही उसकी मां भी हॉस्पिटल पहुंच गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *