
भोपाल । महाकुंभ के बहाने धर्म की एक नई बयार बह रही है, लेकिन इस बीच धार्मिकता की वजह से पारिवारिक रिश्ते में कलह के अजीब मामले भी सामने आ रहे हैं। भोपाल कुटुंब न्यायालय में एक मामला पहुंचा जिसमें एक बैंक अधिकारी ने पत्नी के महाकुंभ जाने की बात से नाराज होकर तलाक मांगा है।
पति का आरोप है कि पत्नी के महाकुंभ जाने के बाद से वह धार्मिक हो गई है और घर में रूद्राक्ष की माला पहनने लगी है। पति को यह बात पसंद नहीं है और उसने तलाक मांगा है।
इसी तरह के एक अन्य मामले में 35 वर्षीय व्यवसायी पति ने शिकायत की है कि पत्नी धार्मिक प्रवचनकारों का वीडियो देखने की आदी हो गई है। घर में भी टीवी पर प्रवचन का वीडियो ही देखती रहती है। शहर में कहीं भी प्रवचन चल रहा हो तो वह जाने की जिद करती है। मेरे मना करने पर वह खुद सहेलियों के साथ चली जाती है।
एक अन्य मामले में पति की शिकायत थी कि उसके पत्नी पहले प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती थी। जब सरकारी नौकरी नहीं लगी तो वह पूजा-पाठ और टोटके करने लगी। उसको कोई सफलता तो नहीं मिल रही है, लेकिन उसका पूजा-पाठ बढ़ता जा रहा है। आजकल वह धार्मिक गुरुओं के बताए टोटके करने के लिए घंटों मंदिर में बिताने लगी हैं। उनके वीडियो को घर में भी चलाने लगी है, जिससे पूरा परिवार परेशान हो गया है।