बर्थडे पार्टी में खूनी संघर्ष: देवर ने की भाभी के साथ मारपीट, भाभी ने कुल्हाड़ी से किया हमला

जांजगीर-चांपा । छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक बर्थडे पार्टी खूनी संघर्ष में बदल गई। नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम केरा के भाटापारा में शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे की घटना है, जहां पुष्पा बंजारे अपने घर में बर्थडे पार्टी मना रही थीं।

घटना उस समय हुई जब पुष्पा का देवर राम खिलावन बंजारे शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और पार्टी के बीच उल्टी करने लगा। इस पर पुष्पा ने नाराजगी जताई, जिसके बाद दोनों में विवाद शुरू हो गया।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब राम खिलावन ने भाभी के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसका गला दबाने की कोशिश की। अपनी जान बचाने के लिए पुष्पा ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाई और देवर के सिर पर वार कर दिया।

इस हमले में राम खिलावन गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम के आरक्षक अभिषेक जायसवाल मौके पर पहुंचे और घायल राम खिलावन को सीएचसी अस्पताल नवागढ़ में भर्ती कराया।

नवागढ़ पुलिस को घटना की सूचना दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *