
बालोद । छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक विवादित घटना सामने आई है, जहां पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद राजकीय शोक के दौरान जिला मुख्यालय के लोक निर्माण विभाग रेस्ट हाउस में बाहर के लोगों ने बिरयानी पार्टी की। इस पार्टी में महिला, पुरुष और बच्चे भी शामिल थे।
इस घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सुरेश साहू मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्टाफ को नोटिस देकर मामले की जांच करने की बात कही। उन्होंने बताया कि बिना प्रोटोकॉल के यहां पर रेस्ट हाउस को कैसे दिया गया, इसकी जांच के लिए मैं स्वयं पहुंचा हूं। उन्होंने कहा कि जो भी इसके लिए जिम्मेदार होगा, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बिरयानी पार्टी के मामले में उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है। पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेस्ट हाउस में बिरयानी पार्टी के लिए किसी भी तरह की अनुमति नहीं ली गई थी। यह एक गंभीर मामला है और इसकी जांच की जाएगी।