
दुर्ग ।दुर्ग के बहुचर्चित मंत्री यादव हत्याकांड में आखिरकार न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। करीब ढाई साल पहले गंजपारा नाका चौक के पास हुए सनसनीखेज हत्याकांड में चार आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।
दरअसल, 21 मई 2024 की रात श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव का गंजपारा नाका चौक के पास रास्ता रोककर आरोपियों ने मारपीट की थी और धारदार हथियार से हमला किया था। गंभीर चोटों के चलते उनकी मौत हो गई थी।

मामले में दुर्ग पुलिस ने अपराध दर्ज कर विस्तृत विवेचना की। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल के तकनीकी साक्ष्य और चिकित्सकीय एवं फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में प्रस्तुत किए।
18 नवंबर 2026 को प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, दुर्ग ने मामले में चार आरोपियों अक्षत दुबे उर्फ मान्या, शुभम शर्मा, वंश राजपूत और अमिताभ उर्फ चंदू को हत्या और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप में दोषसिद्ध कर आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
इसके अलावा दो आरोपियों अक्षत दुबे और शुभम शर्मा को आयुध अधिनियम के तहत भी दो और तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है।
इस मामले में दुर्ग पुलिस की विवेचना टीम और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी को दोषसिद्धि में अहम माना जा रहा है।
मंत्री यादव हत्याकांड में आए इस फैसले को न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।