

भिलाई। आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संगठित अपराधों पर नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर दुर्ग पुलिस ने क्राइम मीटिंग आयोजित की। 2 नवंबर 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में आयोजित बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने की। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश
आगामी नगर निगम चुनाव को देखते हुए एसएसपी ने संवेदनशील मतदान केंद्रों और क्षेत्रों की जानकारी संकलित करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवेदनशील मामलों में तत्काल कार्रवाई, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बॉन्ड ओवर की समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया। धर्मांतरण से संबंधित शिकायतों और मामलों में तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
लंबित अपराधों और वारंटों के निराकरण पर जोर
बैठक में लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए 60 और 90 दिनों की वैधानिक समय-सीमा वाले मामलों का निर्धारित समय में निराकरण करने तथा 140 दिनों से लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सभी लंबित वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने और न्यायालयीन मामलों में न्यायश्रुति ऐप के माध्यम से नियमानुसार पेशी कराने को कहा गया।
इसके अलावा गृहभेदन, चोरी, धोखाधड़ी, मारपीट और दुर्घटना संबंधी मामलों में त्वरित कार्रवाई तथा गंभीर अपराधों का राजपत्रित अधिकारियों द्वारा नियमित पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए गए।
साइबर फ्रॉड और महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई
एसएसपी ने साइबर अपराधों और महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। NCRP पोर्टल पर वर्ष 2025 से लंबित शिकायतों और जुलाई 2026 तक प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण पर जोर दिया गया।
साइबर हेल्पलाइन और साइबर टिप के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में आवश्यकतानुसार ठगी की रकम होल्ड कराने की प्रक्रिया अपनाने को कहा गया। महिला संबंधी शिकायतों में तथ्यों के आधार पर आवश्यकतानुसार तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
जुआ-सट्टा और संगठित अपराधों पर कार्रवाई
क्राइम मीटिंग में जुआ-सट्टा, संगठित अपराध और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अपराध संभावित क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने और रात्रि गश्त को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही पटाखा फैक्ट्रियों और लाइसेंसधारी पटाखा विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण करने, अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर
बैठक में थाना प्रभारियों और पुलिस उप निरीक्षकों के कार्यों की नियमित समीक्षा, विवेचना की गुणवत्ता में सुधार और लंबित शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को अधीनस्थ कर्मचारियों के कामकाज की नियमित मॉनिटरिंग करने, शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशानियों से बचाने और पुलिस सहायता के लिए डायल-112 का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से आगामी नगर निगम चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।