दुर्ग में 1.15 किलो गांजा के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार ₹60 हजार का माल जब्त

गांजा के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुरानी भिलाई पुलिस ने गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नितिन कुमार डहरिया (28 वर्ष), निवासी भाठापारा दादर चरोदा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी थाना पुरानी भिलाई का हिस्ट्रीशीटर है।

ग्राहक का इंतजार कर रहा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिरसाकला के पुरैना चौक स्थित नर्सरी के पास एक युवक गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

60 हजार रुपये का गांजा जब्त

पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.150 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 622/2026 के तहत नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(ख) में मामला दर्ज किया।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक शीतल देवांगन, सहायक उपनिरीक्षक हिरामन रामटेके सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन या भंडारण की जानकारी नजदीकी थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *