
दुर्ग । सरकारी राशन के चावल की अवैध खरीद-बिक्री और भंडारण के मामले में वैशाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राजीव नगर में एक मकान से 60 बोरियों में रखा कुल 24 क्विंटल शासकीय चावल बरामद किया है।
मामले में 23 वर्षीय आरोपी सोहन चेलक को गिरफ्तार किया गया है। जांच में बरामद चावल के सार्वजनिक वितरण प्रणाली का होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राशन कार्डधारियों को वितरित किए जाने वाले सरकारी चावल की अवैध खरीद-बिक्री और अदला-बदली कर उसे अपने मकान में जमा कर रहा था।
आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी राशन की अवैध खरीद-बिक्री या भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस या खाद्य विभाग को सूचना दें।