सातवीं वाहिनी भिलाई में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, 150 जवानों और कर्मचारियों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव की दी जानकारी

भिलाई। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी को देखते हुए दुर्ग पुलिस की सातवीं वाहिनी, भिलाई में रिफ्रेशर कोर्स के अंतर्गत साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 150 जवान, अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के उप निरीक्षक डॉ. संकल्प राय ने साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, OTP एवं UPI फ्रॉड, फर्जी लिंक और संदिग्ध कॉल से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल और साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन लेन-देन की स्थिति में सावधानी बरतने और धोखाधड़ी होने पर बिना देरी शिकायत दर्ज कराने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल के अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित इस्तेमाल के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम सातवीं वाहिनी के कमांडेंट के मार्गदर्शन तथा सहायक सेनानी श्रीमती प्रज्ञा मेश्राम के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के उप निरीक्षक डॉ. संकल्प राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और पुलिस बल के सभी सदस्यों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *