चिल्फी बॉर्डर पर गांजे की सबसे बड़ी खेप में से एक पकड़ी गई, कंटेनर के गुप्त चेंबर से 447 किलो गांजा बरामद2.23 करोड़ के गांजे के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, ट्रक-मोबाइल समेत 2.50 करोड़ का मशरूका जब्त; पुलिस टीम को मिला 25 हजार का इनाम


कबीरधाम::सत्येंद्र बड्डघरे:- नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिल्फी बॉर्डर पर गांजे की भारी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक के ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए गुप्त चेंबर से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है।
मामले में पुलिस ने पंजाब निवासी बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। गांजे के परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन समेत पुलिस ने कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
एनएच-30 पर वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया कंटेनर
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को थाना चिल्फी पुलिस एनएच-30 मेन रोड पर थाना चिल्फी के सामने संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को पुलिस टीम ने रोककर जांच की।
वाहन में सवार व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम बलजीत सिंह, निवासी पट्टी सरा दी गांव चाटीपिंड, थाना चाटीपिंड, जिला अमृतसर, पंजाब बताया।
ड्राइवर सीट के ऊपर बनाया था गुप्त चेंबर
संदेह होने पर पुलिस ने कंटेनर की विधिवत तलाशी ली। इस दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष रूप से बनाए गए एक गुप्त चेंबर का पता चला। चेंबर के अंदर खाकी रंग के टेप से लिपटे कई पैकेट रखे हुए थे।
पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा मिला। वजन कराने पर कुल 447 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक की अनुमानित कीमत 27 लाख रुपये बताई है।
तस्करी नेटवर्क की भी होगी जांच
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले में गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है।
एएनटीएफ टीम कबीरधाम द्वारा आरोपी से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क हो सकता है।
आईजी ने पुलिस टीम को दिया 25 हजार का इनाम
कार्रवाई की सराहना करते हुए आईजी राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने कबीरधाम पुलिस और चिल्फी थाना टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने पुलिस टीम की सतर्कता और तत्परता की सराहना करते हुए अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
जब्त सामान की पूरी जानकारी
गांजा: 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम — कीमत ₹2,23,75,250
कंटेनर ट्रक: कीमत करीब ₹27,00,000
मोबाइल फोन: कीमत करीब ₹5,000
कुल जब्त मशरूका: ₹2,50,80,250
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चिल्फी निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में एएसआई बीरबल साहू, आरक्षक सुनील मरावी, जितेंद्र चन्द्रवंशी, पंकज यादव, दिलीप जायसवाल सहित थाना चिल्फी पुलिस और एएनटीएफ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *