

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में ESIC अस्पताल के एक डॉक्टर की मौत से अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई है। 30 वर्षीय डॉक्टर का शव अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास में मिला, जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर 29 अगस्त को अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। स्टाफ ने कई बार उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम तक संपर्क नहीं होने पर कर्मचारी उनके आवास पहुंचे, जहां उनका शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस को बुलाया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में व्यक्तिगत संबंधों से जुड़े एक संभावित विवाद का एंगल भी सामने आया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मृतक डॉक्टर मूल रूप से केरल के पालक्काड के रहने वाले थे और करीब एक साल पहले उनकी पोस्टिंग कोरबा के ESIC अस्पताल में हुई थी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।