
दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र की जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने तालाब किनारे युवक पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार बटनदार हथियार भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई की शाम करीब 6:10 बजे परमेश्वर ढीमर अपने साथियों के साथ ग्राम जेवरा के तालाब किनारे बैठा था। इसी दौरान गांव का रहने वाला दुलेश्वर टंडन उर्फ दुलरवा वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।
जब परमेश्वर ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे धारदार बटनदार हथियार से परमेश्वर पर हमला कर दिया। हमले में उसके बाएं जांघ के पीछे, सीने और बाएं हाथ की उंगली में चोट आई।
घटना के बाद पीड़ित ने जेवरा सिरसा चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 666/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 351(3), 119(1), 118(1) और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुलेश्वर टंडन उर्फ दुलरवा, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम जेवरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक धारदार बटनदार हथियार बरामद किया गया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी शमित मिश्रा, प्रधान आरक्षक पुनेश साहू और आरक्षक मोहम्मद हाफिज साबरी, वीरेन्द्र यादव और बंटी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।