कवर्धा में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर संपन्न

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देश पर प्रतिमाह आयोजित हो रहा कैंसर जांच शिविर, 33 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

सत्येन्द्र बडघरे कवर्धा – जिला अस्पताल कवर्धा में रविवार को निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार जिले में प्रतिमाह कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को समय पर कैंसर की जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा उपलब्ध हो सके। शिविर में नया रायपुर स्थित बालको मेडिकल सेंटर के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. मुरली मोहन पी.के. (ऑन्को सर्जन) एवं उनकी टीम ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए कुल 33 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
शिविर के दौरान महिलाओं के लिए मेमोग्राफी के माध्यम से स्तन कैंसर की जांच, पेप स्मीयर के जरिए बच्चेदानी के मुख (सर्वाइकल) कैंसर की जांच तथा ब्रश साइटोलॉजी के माध्यम से मुख कैंसर की जांच जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। जांच के दौरान 7 संभावित मरीजों की पहचान की गई, जिन्हें आवश्यक परामर्श देकर आगे की उपचार प्रक्रिया से जोड़ा गया तथा नियमित फॉलोअप की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। शिविर में 2 महिलाओं की मेमोग्राफी, 5 महिलाओं की पेप स्मीयर जांच की गई। विकासखंडवार लाभार्थियों में कवर्धा से 21, बोड़ला से 10, सहसपुर लोहारा से 1 तथा पंडरिया से 1 मरीज शामिल रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेंद्र तूरे के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंसर की शीघ्र पहचान एवं समय पर उपचार के महत्व पर विशेष जोर दिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि स्तन में गांठ, मुंह में लंबे समय तक रहने वाला अल्सर, लगातार खांसी, अत्यधिक थकान, बिना कारण वजन कम होना, खून की कमी, गले में गांठ, निगलने में कठिनाई तथा असामान्य रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए। समय पर जांच और उपचार से कैंसर पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि कैंसर के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें तथा प्रतिमाह आयोजित होने वाले निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। शिविर का उद्देश्य आमजन में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच को प्रोत्साहित करना तथा रोग की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर प्रभावी उपचार सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *