
दुर्ग। ट्रेडिंग में निवेश कर कम समय में बड़ा मुनाफा कमाने का लालच देकर 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाली महिला आरोपी को उतई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने रैम्बो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी में निवेश के नाम पर 28 महीने में रकम चार गुना करने और हर महीने 10 से 12 प्रतिशत ट्रेडिंग रिटर्न देने का झांसा देकर रकम निवेश कराई थी। समय पूरा होने के बाद भी जब रकम वापस नहीं की गई, तो पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम जोरातराई निवासी दीपक कुमार अहिरवार ने थाना उतई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर आरोपी तृप्ती साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम असोगा, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग के खिलाफ अपराध क्रमांक 389/2026 में धारा 420, 34 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के एसबीआई, यस बैंक, केनरा बैंक और एचडीएफसी बैंक के खातों और ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट की जांच की। इसमें लाखों रुपये के संदिग्ध और अनधिकृत वित्तीय लेन-देन सामने आए। पूछताछ में आरोपी ने निवेशकों से प्राप्त रकम का खुद इस्तेमाल करने और कुछ अन्य लोगों को आर्थिक लाभ पहुंचाने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 जुलाई 2026 को तृप्ती साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एसबीआई, यस बैंक, केनरा बैंक और एचडीएफसी बैंक की पासबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड और कार क्रमांक CG 07 CF 8179 जब्त की है।
इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक श्रीराम पेन्ड्रो, सहायक उप निरीक्षक सुरेश पाण्डेय, महिला आरक्षक पूजा सोनकर और महिला आरक्षक बिन्दु भाले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।