

राजनांदगांव। लालबाग थाना क्षेत्र के भानपुरी नदी के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। साईं मिथिला ढाबा के समीप सड़क किनारे खड़ी पिकअप को तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतक की पहचान दुर्ग निवासी वंश शर्मा के रूप में बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार, दुर्ग निवासी एक परिवार डोंगरगढ़ दर्शन के बाद पिकअप से वापस लौट रहा था। इसी दौरान भानपुरी नदी के पास उनकी पिकअप वाहन खराब हो गई। परिवार के सदस्य सड़क किनारे वाहन खड़ा कर उसकी मरम्मत कर रहे थे, तभी नागपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पिकअप सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री ले जाया गया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक और घायलों की विस्तृत पहचान के साथ ही हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।