भिलाई युवती हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, एकतरफा प्यार में हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में किराये के कमरे में युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का दुर्ग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एकतरफा प्रेम-प्रसंग में हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 10 जुलाई को युवती की रूममेट ने परिजनों को सूचना दी कि खुशी साहू अपने कमरे में गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ी है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वैशाली नगर थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू (24 वर्ष), निवासी बलौदाबाजार, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी युवती से एकतरफा प्रेम करता था। युवती के बातचीत से इंकार करने पर उसने पहले से योजना बनाकर रायपुर से भिलाई पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद आरोपी ने अपने कपड़े और जूते नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *