
भिलाई। सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपेला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेहरू नगर फ्लाईओवर के नीचे प्रतिबंधित नशीली दवा बेच रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 840 अल्प्राजोलम टैबलेट, तीन मोबाइल फोन और 1,600 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 6 जुलाई की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेहरू नगर भिलाई चौक फ्लाईओवर के नीचे तीन युवक प्रतिबंधित नशीली दवा अल्प्राजोलम की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक काले रंग के बैग में रखी 56 स्ट्रिप (कुल 840 नग) अल्प्राजोलम 0.5 एमजी टैबलेट, तीन मोबाइल फोन और बिक्री की 1,600 रुपये की नगदी बरामद हुई। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन खान उर्फ अमन रक्सेल (23), अमर साहू (24) और पंकज उर्फ भक्का विश्वकर्मा (21) के रूप में हुई है।