
दुर्ग। नशा मुक्ति अभियान के तहत दुर्ग पुलिस लगातार अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बेच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि भिलाई-3 के बिजली नगर मैदान स्थित एक खंडहर के पास अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी सुरेश बारिक को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 30 पौवा देशी मसाला शराब, कुल 5.400 बल्क लीटर, जिसकी कीमत करीब 3 हजार रुपये है, बरामद की गई। आरोपी शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब या किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।