
दुर्ग। मोहन नगर पुलिस और सीएसपी दुर्ग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उरला क्षेत्र से चोरी हुई केटीएम मोटरसाइकिल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ओम नगर उरला निवासी हरि साहू ने 24 जून को थाना मोहन नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह स्टील प्लांट रसमड़ा में कार्यरत है। 23 जून की रात करीब 10 बजे उसने अपनी केटीएम मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 बीवाई 5301 घर के सामने खड़ी की थी। अगले दिन सुबह उठने पर बाइक गायब मिली, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहन नगर पुलिस और सीएसपी दुर्ग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर संदेहियों की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान मध्य रात्रि करीब 3:30 बजे मालवीय नगर चौक के पास पुलिस को एक संदिग्ध युवक मिला। पूछताछ के दौरान युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करने लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने उरला क्षेत्र से केटीएम बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की पहचान यशवंत बंजारे (19 वर्ष), निवासी रामनगर मुक्तिधाम, सुपेला, भिलाई के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई केटीएम मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त कर ली गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।