
दुर्ग। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के चावल की अवैध ढुलाई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुपेला पुलिस ने एक मालवाहक वाहन को पकड़कर उसमें लदे 14 कट्टा सोसायटी चावल जब्त किए हैं। मामले में खाद्य विभाग के साथ मिलकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को 24 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सोसायटी का चावल एक नीले रंग के मालवाहक टेम्पो में अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राजीव नगर ईमामबाड़ा के पास घेराबंदी कर बजाज मैक्सीमा मालवाहक वाहन क्रमांक सीजी 07 सीवी 2329 को रोककर जांच की।
जांच के दौरान वाहन में प्लास्टिक की बोरियों में 14 कट्टा सोसायटी चावल मिला। वाहन चालक से चावल के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान चालक पुलिस को गुमराह करने का प्रयास भी करता रहा।
इसके बाद चालक सन्नी साव (28 वर्ष), निवासी कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी, सुपेला, और वाहन को थाना लाया गया। पुलिस ने 14 कट्टा सोसायटी चावल और मालवाहक वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में खाद्य विभाग के साथ समन्वय कर चावल के स्रोत और उसके परिवहन की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पीडीएस के खाद्यान्न के अवैध भंडारण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।