
रायपुर। राजधानी रायपुर के रावाभाठा स्थित हृदयलाल चौक के पास ईएसआईसी अस्पताल के नजदीक तालाब किनारे एक विकसित भ्रूण मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर भ्रूण मिलने की यह दूसरी घटना है, जिससे क्षेत्रवासियों में चिंता और नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भ्रूण को यहां फेंका गया होगा। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
सूचना मिलने पर खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण वहां कैसे पहुंचा और इस घटना के पीछे कौन जिम्मेदार है।
स्थानीय नागरिकों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन से विशेष निगरानी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।