
बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल के भीतर एक बंदी की हत्या से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जेल के ई-1 बैरक में बंद एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान कोटा थाना क्षेत्र के दबनपुर निवासी नीलू जगत के रूप में हुई है। वह नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसकी हत्या नाली के स्लैब से सिर कुचलकर की गई है।
जानकारी के मुताबिक, जिस ई-1 बैरक में यह घटना हुई, वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बंदियों के लिए आरक्षित है। हत्या का आरोप उसी बैरक में बंद राजेश राय पर लगाया जा रहा है। राजेश राय मुंगेली जिले के चमारी गांव का निवासी है और तिहरे हत्याकांड के मामले में पिछले करीब 17 वर्षों से जेल में बंद है। उसे भी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। बैरक को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि जेल के भीतर इतनी बड़ी वारदात कैसे हुई और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।