
दुर्ग। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना जामुल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेपनी टायर के भीतर छिपाकर गांजा की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 किलो 500 ग्राम गांजा, एक पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 17 लाख 72 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस को 20 जून को दोपहर करीब एक बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि घासीदास नगर मैदान में खड़ी सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CZ 8442 में अवैध रूप से गांजा रखा गया है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर वाहन को रोककर जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान वाहन में प्लास्टिक कैरेट के बीच रखे गए दो स्टेपनी टायर संदिग्ध पाए गए। पुलिस ने ऑटो मिस्त्री की मदद से टायरों को खुलवाया, जहां एक टायर के अंदर 16 पैकेट और दूसरे टायर के अंदर 15 पैकेट कुल 15 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी गांजा को छिपाकर परिवहन कर रहे थे।
पुलिस ने मामले में आकाश जांगड़े (18) निवासी बागडूमर, थाना नंदिनी, मुकेश कुमार सेन (22) निवासी अटल आवास, घासीदास नगर तथा टिकेश्वर यादव (18) निवासी साडा क्वार्टर, घासीदास नगर जामुल को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से करीब 7.50 लाख रुपये कीमत का 15 किलो 500 ग्राम गांजा, पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन और 2 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 17.72 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा की तस्करी कर रहे थे।