धमतरी में हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, 90 हजार रुपये की चिट्टा समेत बाइक, नकदी और मोबाइल जब्त


धमतरी। जिले को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पीजी कॉलेज ग्राउंड के पास हेरोइन (चिट्टा) बेचने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से हेरोइन लेकर बिक्री करने के उद्देश्य से पीजी कॉलेज ग्राउंड के आसपास मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर संदेही मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी (40 वर्ष) निवासी बस स्टैंड के पीछे रायपुर, हाल पता सोरिद नगर डीपोपारा, धमतरी को हिरासत में लिया।
वैधानिक प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से करीब 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद तथा करीब 1.10 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2.30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को हेरोइन की खरीद-फरोख्त और इसके स्रोत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। साथ ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *