
भिलाई। समाजसेवा और मानवता के कार्यों में सक्रिय सोनू सूद चैरिटी क्लब (SSCC) भिलाई ने अपने वार्षिक आयोजन SSCC Annual Meet 2026 की तिथि घोषित कर दी है। यह बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम 27 जून 2026 को भिलाई में आयोजित होगा, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता एवं प्रसिद्ध समाजसेवी सोनू सूद विशेष रूप से शामिल होंगे।
क्लब की प्रमुख दीक्षा नागदेवे ने बताया कि यह आयोजन केवल एक वार्षिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से क्लब दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में जरूरतमंद एवं वंचित लोगों की सहायता के लिए विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का संचालन कर रहा है।
दीक्षा नागदेवे के अनुसार, क्लब सोनू सूद द्वारा संचालित सूद चैरिटी फाउंडेशन से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। SSCC Annual Meet 2026 के माध्यम से युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सेवा भाव रखने वाले लोगों को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में सोनू सूद युवाओं को समाजसेवा के लिए प्रेरित करेंगे तथा सकारात्मक सामाजिक बदलाव के लिए सहभागिता और सहयोग का संदेश देंगे। इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े नागसेन हायर सेकेंडरी स्कूल के विशेष दौरे का भी प्रस्ताव रखा गया है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए क्लब के 60 से अधिक सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं। क्लब के सक्रिय सदस्यों में जिलेश चावड़ा, गुरजीत सिंह, गिरीश खपर्डे, एल.बी. वर्मा, डिंपल चावला, दीपक भारता, तुषार चव्हाण, रविंद्र देवांगन, चेतन चव्हाण, सनोज चौधरी, दीपक जैन, जगतेश्वर दुबे और विकास जायसवाल सहित अन्य सदस्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
आयोजन समिति ने सामाजिक संगठनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और समाजसेवा से जुड़े लोगों से इस विशेष कार्यक्रम का हिस्सा बनने तथा इसे सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।