फर्जी नियुक्ति पत्र से 34 लोगों को लगाया चूना, डेढ़ करोड़ की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार



रायपुर:
सरकारी नौकरी का झांसा देकर 34 लोगों से करीब 1.5 करोड़ रुपये ठगने वाले दो आरोपियों को रायपुर ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजेश शर्मा, जो सरकारी शिक्षक है, और उसका साथी मनोज कुमार श्रीवास्तव, जो एक निजी स्कूल में क्लर्क है, शामिल हैं।
मामले की शुरुआत 24 अप्रैल को हुई, जब राजपाल बघेल ने राखी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि सामान्य प्रशासन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के नाम से 5 मार्च का एक फर्जी नियुक्ति आदेश तैयार कर सोशल मीडिया, खासकर व्हाट्सएप के जरिए फैलाया जा रहा था। इस आदेश में कई विभागों—जैसे परिवहन, राजस्व, वन, पंचायत और स्कूल शिक्षा—में नियुक्ति की अनुशंसा दर्शाई गई थी। साथ ही सचिव और उप सचिव के डिजिटल हस्ताक्षर का भी दुरुपयोग किया गया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया ट्रैकिंग के जरिए आरोपी राजेश शर्मा की पहचान की। उसकी लोकेशन डोंगरगढ़ में मिलने पर पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में राजेश ने खुलासा किया कि कर्ज चुकाने के लिए उसने यह ठगी का प्लान बनाया था और अपने साथी मनोज को भी इसमें शामिल किया। दोनों ने मिलकर कंप्यूटर पर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किए और उन्हें व्हाट्सएप के जरिए फैलाकर लोगों से पैसे वसूले।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने भिलाई की एक महिला से नौकरी दिलाने के नाम पर 1.90 लाख रुपये लिए थे, जिसे बाद में लौटा दिया गया। शिकायत सामने आने के बाद आरोपियों ने फर्जी आदेश फैलाना बंद कर दिया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से कंप्यूटर और प्रिंटर जब्त किए हैं। साथ ही मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *