
दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर कैंप-1 से लापता हुई तीन नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। तीनों बालिकाएं उसलापुर (जिला बिलासपुर) से मिली हैं और नियमानुसार उन्हें सुरक्षित चिल्ड्रन होम में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे अर्जुन नगर निवासी तीन बालिकाएं घर से नाराज होकर बिना बताए चली गई थीं। 7 फरवरी को परिजनों की सूचना पर थाना सुपेला में गुमशुदगी दर्ज कर अपराध क्रमांक 221/2026 एवं 222/2026 कायम कर जांच शुरू की गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी और उप पुलिस अधीक्षक (बालक विरुद्ध अपराध) चित्रा वर्मा के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, गवाहों से पूछताछ की और संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की। साथ ही आरपीएफ, जीआरपी और चाइल्ड लाइन को सूचना देकर समन्वय स्थापित किया गया।
जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर रेलवे पुलिस ने तीनों बालिकाओं को उसलापुर से सुरक्षित दस्तयाब किया। सूचना मिलने पर परिजन दुर्ग पुलिस के साथ बिलासपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
पूरे अभियान में सुपेला पुलिस स्टाफ, महिला एवं बाल सुरक्षा इकाई और विशेष टीमों की सक्रिय भूमिका रही। विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयास से बालिकाओं को सुरक्षित बरामद किया जा सका।