

भिलाई नगर। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत भारतीय पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) द्वारा कुरूद क्षेत्र में प्रस्तावित कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट की स्थापना को लेकर निगम आयुक्त श्री राजीव कुमार पाण्डेय ने आज स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ विस्तार से चर्चा की। विगत कुछ समय से प्रोजेक्ट की स्थापना और प्रक्रिया को लेकर फैली कुछ भ्रांतियों और तकनीकी गलतफहमी के कारण स्थानीय स्तर पर विरोध देखा जा रहा था। इसी परिप्रेक्ष्य में आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशासन संवाद के माध्यम से सभी शंकाओं के समाधान हेतु प्रतिबद्ध है।
निगम आयुक्त ने जानकारी दी कि कलेक्टर महोदय की अध्यक्षता में इस विषय पर एक अधिकार संपन्न उच्चस्तरीय समिति का गठन राज्य शासन द्वारा किया गया है। निकट भविष्य में समिति की एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय दंडाधिकारी, BPCL के विशेषज्ञ अधिकारी, क्षेत्र के सम्मानित जनप्रतिनिधि और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। कलेक्टर महोदय द्वारा भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों को परियोजना के तकनीकी पहलुओं, कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट की कार्यप्रणाली, पर्यावरण पर इसके प्रभाव और इसके लाभों के संबंध में एक विस्तृत प्रेजेंटेशन देने हेतु निर्देशित किया गया है।
निगम आयुक्त ने अपील की है कि क्षेत्र के सम्मानित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और अन्य वरिष्ठ नागरिक इस बैठक में शामिल हों। प्रेजेंटेशन देखने और समझने के पश्चात सभी पक्षों को चर्चा करने और अपने सुझाव/आपत्तियां रखने का पूर्ण अवसर दिया जाएगा तथा सभी पक्षों को सुनने और विचार पश्चात ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
