मेडिकल फ्रेंचाइजी के नाम पर 26 लाख की ठगी, मोहन नगर पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार


दुर्ग |
मेडिकल स्टोर और डॉक्टर की ओपीडी खुलवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में मोहन नगर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह ठगी हॉस्पिटल सेटअप और फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर की गई, जिसमें पीड़ित से लगभग 26 लाख रुपये वसूले गए।
पीड़ित राहुल परिहार ने 16 जनवरी 2026 को थाना मोहन नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि टस्कर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के संचालकों और उनके प्रतिनिधियों द्वारा मेडिकल स्टोर एवं ओपीडी संचालन की फ्रेंचाइजी देने का प्रलोभन दिया गया। आरोपियों ने यह भरोसा दिलाया कि कंपनी मेडिकल स्टोर का इंटीरियर, ब्रांड प्रमोशन, एमबीबीएस डॉक्टर की ओपीडी, पैथोलॉजी सुविधा, दवाइयों का स्टॉक, कर्मचारियों की व्यवस्था और वेतन की जिम्मेदारी उठाएगी। इसके साथ ही हर महीने 1 से 2 लाख रुपये तक मुनाफा होने का आश्वासन दिया गया।
इस झांसे में आकर पीड़ित ने 28 अक्टूबर 2024 को अलग-अलग मदों में कुल 25,93,400 रुपये फोन-पे और आरटीजीएस के माध्यम से कंपनी को भुगतान किया। राशि लेने के बाद न तो वादा की गई सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं और न ही उचित दवाइयों का स्टॉक दिया गया। पीड़ित द्वारा ई-मेल के जरिए संपर्क करने पर भी कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इस प्रकार आरोपियों ने झूठे वादों के जरिए लगभग 26 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
मामले में थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान एक आरोपी रवि पांडे, निवासी सरोजिनी नगर, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
घटनास्थल
थाना मोहन नगर क्षेत्र
गिरफ्तार आरोपी
रवि पांडे, उम्र 26 वर्ष, निवासी सरोजिनी नगर, लखनऊ (उत्तर प्रदेश)
जप्त सामग्री
विवेचना जारी, जप्ती की कार्यवाही प्रचलित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *